सरयू तट ग्यासपुर में नौ दिवसीय महायज्ञ से भक्तिमय हुआ वातावरण
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड अंतर्गत ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम सरयू तट ग्यासपुर में आयोजित नौ दिवसीय महायज्ञ श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ जारी है। महायज्ञ के तीसरे दिन मंडप प्रवेश एवं पंचांग पूजन का अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संपन्न हुआ। पूरे धाम परिसर में हर-हर महादेव और जय श्री ब्रह्मर्षि साहेब बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महायज्ञ में डॉक्टर अशोक पांडेय अपनी पत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। आचार्य पंडित संतोष द्विवेदी के सान्निध्य में यजमानों ने विधिपूर्वक मंडप प्रवेश कर पंचांग पूजन किया। अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह और शाम हवन, आरती तथा प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पहुंचकर यज्ञ में आहुति दे रहे हैं। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने बताया कि महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति, आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यज्ञ के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार हो रहा है।
महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। धाम परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की टीम लगातार सक्रिय है।
#Siswan #Saran #Mahayagya #BrahmarshiSahabBabaDham #ReligiousEvent #BiharNews #Spirituality #Yagya #Bhakti #Culture

