कंचनपुर में दो पक्षों के विवाद पर पहुंची डायल 112 पुलिस, समझौते से शांत हुआ मामला
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत के कंचनपुर गांव में रविवार की सुबह दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद और हंगामे की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मामले को शांत करा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आपसी विवाद समाप्त कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
मामले की जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नागेन्द्र ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें और उनके परिवार को राजनीतिक कारणों से कुछ शरारती तत्वों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में तनावपूर्ण माहौल बनाए रखने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
नागेन्द्र ठाकुर ने कहा कि बीते 24 अप्रैल को गांव के वार्ड पार्षद राजा ठाकुर की हुई निर्मम हत्या के बाद से उनका परिवार काफी डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्व उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की साजिश कर सकते हैं। इसी को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।
उन्होंने स्थानीय सांसद और विधायक से अपने परिवार की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इलाके में घटना को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
#Manjhi #Kanchanpur #Dial112 #SaranNews #NagendraThakur #BiharNews #LocalDispute #PoliceAction #ManjhiNews #SocialMediaViral

