वैभव सूर्यवंशी बने झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, मंत्री इरफान अंसारी ने किया ऐलान
रांची (झारखंड) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अली ने युवा क्रिकेटर प्रतिभावान खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। इस निर्णय को राज्य में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने बहुत ही कम उम्र में अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अनुशासित जीवनशैली के बल पर देश भर में पहचान बनाई है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मंत्री ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। ऐसे में वैभव जैसे युवा खिलाड़ी की सकारात्मक छवि इस अभियान को नई दिशा देगी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करता है, जिनका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना है। वैभव सूर्यवंशी के ब्रांड एंबेसडर बनने से इन अभियानों की पहुंच और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। विशेष रूप से युवाओं और किशोरों के बीच फिटनेस, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य तथा खेल गतिविधियों को लेकर जागरूकता फैलाने में मदद मिलेगी। मंत्री ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की भूमि है और राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वैभव की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव की मौजूदगी से स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न जनजागरूकता अभियानों को नई ऊर्जा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के बीच लोकप्रिय चेहरा बनने के कारण वैभव सूर्यवंशी स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से स्वस्थ झारखंड के निर्माण के अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।

