मांझी रेलपुल पर काम कर रहे मजदूर को बंदर ने नदी में धकेला, हालत गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी के समीप सरयू नदी पर निर्माणाधीन नए रेल पुल पर गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब पुल निर्माण कार्य में जुटे एक मजदूर को उत्पाती बंदर ने हमला कर लगभग 50 फीट नीचे बह रही सरयू नदी में धक्का दे दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूर को बचाने के लिए लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर पुल पर काम कर रहा था, तभी अचानक एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया। संतुलन बिगड़ने से मजदूर सीधे नीचे नदी में जा गिरा। नदी में गिरते ही वह गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नाव की सहायता से काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल मजदूर की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला निवासी जोत गोपाल के 35 वर्षीय पुत्र भीम मंडल के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुल निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल के आसपास बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे मजदूरों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
Manjhi railway bridge accident, Saryu river accident, labourer injured in monkey attack, Chapra Ballia railway section, Manjhi news, railway bridge construction, Bihar news, labourer fell into the river, Saryu river news

