“खेत बचाओ अभियान” के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती व मृदा संरक्षण की दी गई जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी स्थित आर.पी.सी.ए.यू.- कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा “खेत बचाओ अभियान” के तहत गुरुवार को सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के भूमिहारा एवं पिठौरी गांवों में एक दिवसीय कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और मिट्टी की उर्वरा शक्ति को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, भारत सरकार एवं बिहार सरकार की कृषि योजनाओं, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा खेती में हरी खाद के उपयोग एवं उसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के फायदे बताए। उन्होंने लैंड लेसर लेवलर मशीन से खेतों के समतलीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे सिंचाई की लागत कम होती है और फसल उत्पादन में वृद्धि होती है।
वहीं पादप रोग विशेषज्ञ डॉ. जीर विनायक ने किसानों को किसान सारथी ऐप की उपयोगिता तथा धान की फसल में लगने वाले कीटों के नियंत्रण एवं प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। इफको के प्रतिनिधि संदीप कुमार ने किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग और उसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में भूमिहारा एवं पिठौरी गांव से विनय सिंह, विपिन सिंह, पातीराम सिंह, दुर्गा सिंह, आकाश राज, रामराज सिंह, तारकेश्वर सिंह, मणिभूषण दुबे, रामेश्वर तिवारी, अजीत तिवारी, रत्नेश्वर दुबे, देवराज सिंह, घनश्याम राय, लुटवान प्रसाद, प्रभावती देवी सहित कुल 50 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के श्री राकेश कुमार ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
Save the Farm Campaign, Krishi Vigyan Kendra Manjhi, Baniyapur Farmer Training, Natural Farming, Organic Farming, Soil Health Conservation, Nano Urea, Farmer Awareness Program, Saran Agriculture News, Bihar Kisan Samachar

