शांतिपूर्ण निकले ताजिया जुलूस, मांगे गए सुझाव, ताजपुर पुल बंद रहने से जुलूस मार्ग पर उठे सवाल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मोहर्रम पर्व के मद्देनजर रविवार को मांझी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अपर थानाध्यक्ष बिरजू कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों से सुझाव मांगे गए तथा मोहर्रम को लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। सदस्यों ने कटोखर, ताजपुर, डुमरी, घोरहट, गुर्दाहाँ खुर्द, मियाँ पट्टी, गढ़ बाजार तथा सोनबरसा समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान ताजपुर के लोगों ने जर्जर ताजपुर पुल की घेराबंदी किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पुल बंद रहने के कारण इस वर्ष ताजपुर से अलीपुर तक ताजिया जुलूस ले जाना संभव नहीं हो पाएगा। इस पर पुलिस प्रशासन ने इसे जिला प्रशासन से जुड़ा विषय बताते हुए उचित स्तर पर मामला उठाने की बात कही।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, उदय शंकर सिंह, अख्तर अली, मंजूर आलम खान, अनु खान, हसनुद्दीन खान, भोली खान, धनेश साह, रमेश यादव, भोलू खान, मुल्तान खान, सुनील कुमार पाण्डेय, मयंक ओझा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।

