बीपीएससी एग्जाम: पहले ही प्रयास में छपरा की बेटी प्रिया को सफलता, बनीं राजस्व पदाधिकारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा की बेटी प्रिया ने अपने पहले ही प्रयास में 70वीं बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर राजस्व पदाधिकारी बनकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
प्रिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा छपरा में प्राप्त की तथा दसवीं तक की पढ़ाई यहीं से पूरी की। इसके बाद उन्होंने देहरादून से आगे की शिक्षा हासिल की और राजस्थान से केमिकल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री प्राप्त की। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने नौकरी शुरू की, लेकिन उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में योगदान देना था।
इसी उद्देश्य को लेकर वे यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं। तैयारी के दौरान उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में भी भाग लिया। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने पहली ही कोशिश में सफलता प्राप्त कर राजस्व पदाधिकारी बनने का गौरव हासिल किया।
प्रिया के पिता सुनील कुमार शर्मा भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता रंजना शर्मा गृहिणी हैं। उनका परिवार छपरा शहर के एस.डी.एस. कॉलेज अस्पताल चौक के पूर्वी क्षेत्र में निवास करता है। परिवार में उनकी बड़ी बहन अमेरिका में रहती हैं, छोटी बहन न्यायिक सेवा की तैयारी कर रही हैं तथा भाई ऑस्ट्रेलिया में इंजीनियर हैं।
प्रिया की सफलता पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

