मांझागढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कांड का किया खुलासा, चोरी की बाइक बरामद; एक गिरफ्तार, दो बाल अपचारी निरुद्ध
गोपालगंज (बिहार):मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाजार से चोरी हुई मोटरसाइकिल मामले का गोपालगंज पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चोरी की बाइक बरामद कर ली है। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 जून 2026 को कोइनी बाजार से बलिस्टर यादव की मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में मांझागढ़ थाना कांड संख्या 263/2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
मामले के खुलासे के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 एवं मांझागढ़ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया तथा तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव में छापेमारी कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस ने इस दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एक अन्य विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया। दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को देवापुर निवासी रामू कुमार के पास भेजा जाता था, जो उनके पुर्जे खोलकर उन्हें खपाने का काम करता था।
प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर रामू कुमार को गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी की मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में गिरोह से जुड़े अन्य संभावित अपराधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त एवं दोनों विधि विरुद्ध बालकों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा रहा है।

