के के सैलून एवं एकेडमी का भव्य उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर के काशी बाजार चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप जावेद सैलून के ऊपर स्थापित के के सैलून एवं एकेडमी का भव्य उद्घाटन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। संस्थान का शुभारंभ छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि यह एकेडमी जिले की बेटियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज समय की आवश्यकता है और ऐसे संस्थान युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने संस्थान के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संचालकों ने बताया कि के के सैलून एवं एकेडमी में आधुनिक ब्यूटी पार्लर सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स भी संचालित किए जाएंगे। यहां ब्यूटीशियन कोर्स, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर, मेहंदी एवं नेल आर्ट सहित कई सर्टिफिकेट कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में युवतियों को व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाया जाएगा, जिससे वे रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
उद्घाटन के अवसर पर संस्थान द्वारा विशेष छूट एवं आकर्षक ऑफर भी उपलब्ध कराए गए। शहर में एक ही छत के नीचे ब्यूटी सर्विस और प्रोफेशनल ट्रेनिंग की सुविधा मिलने से महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखा गया।
समारोह में अनु सिंह, प्रिया, कुंती देवी, ममता मिश्रा, धर्मेंद्र शाह, विवेक सिंह, धर्मेंद्र सिंह चौहान, नीरज राम, राजनारायण साह सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

