साइक्लिंग तकनीकी प्रशिक्षण से लौटे अधिकारियों का भव्य स्वागत, खिलाड़ियों को मिलेगा सीधा लाभ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा पटना के यूथ हॉस्टल में आयोजित दो दिवसीय स्टेट लेवल टेक्निकल ऑफिशियल कोर्स से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे सारण साइक्लिंग एसोसिएशन के अधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सारण साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह एवं संरक्षक डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सभी प्रशिक्षित अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण का सीधा लाभ जिले के साइक्लिंग खिलाड़ियों को मिलेगा। प्रशिक्षित तकनीकी अधिकारियों की उपलब्धता से खिलाड़ियों को खेल के नियमों, तकनीकी पहलुओं तथा प्रतियोगिताओं की बारीकियों की बेहतर जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने इसे सारण में साइक्लिंग खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
वहीं संरक्षक डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित तकनीकी अधिकारियों की टीम के जुड़ने से सारण साइक्लिंग एसोसिएशन और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से दक्ष अधिकारियों के मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायता मिलेगी। उन्होंने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट सुहानी कुमारी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की है।
सारण खेल पदाधिकारी समीम अहमद ने प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों के समग्र विकास में प्रशिक्षित तकनीकी अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सारण का खेल परिवार लगातार प्रगति कर रहा है और नई चुनौतियों के लिए पहले से अधिक तैयार एवं संगठित है।
इस अवसर पर अभिषेक सिंह, रौशनी राय, सतीश कुमार, ट्विंकल सौरभ, शैलेंद्र सेंगर, प्रिंस कुमार, धर्मनाथ पिंटू, रविशंकर उपाध्याय, अनीशा कुमारी, ममता कुमारी सहित अनेक खेल प्रेमियों एवं गणमान्य लोगों ने प्रशिक्षित अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

