मुहर्रम जुलूस को लेकर दारौंदा थाना में शांति समिति की बैठक
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: आगामी मुहर्रम पर्व एवं जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को दारौंदा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने की।
बैठक में विभिन्न समुदायों के लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मुहर्रम के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त करेगी तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
बैठक में सीओ वेदप्रकाश नारायण, पूर्व जिला पार्षद बीरेन्द्र शर्मा, सुरेंद्र राय, उप प्रमुख हरेश यादव, मुखिया मंसूर अंसारी, नईमुल हक सिद्दीकी, अशोक सिंह, मो. अली, इरफान अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

