खेलो इंडिया अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग में दिखा बेटियों का दम, 200 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
जिले की महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा साइक्लिंग के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना इसका मुख्य उद्देश्य
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के सेंट जोसेफ अकादमी परिसर में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के तत्वावधान में खेलो इंडिया अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग सिटी लीग का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों की 200 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा साइक्लिंग के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता का आयोजन तीन वर्गों यथा - सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर में किया गया। सब जूनियर वर्ग में मीरा कुमारी ने प्रथम, प्रियंका कुमारी ने द्वितीय तथा कुमकुम कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में राजनंदिनी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मनीषा खातून दूसरे और ममता कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में काजल कुमारी विजेता बनीं, वहीं रुखसार खातून ने द्वितीय तथा सीमा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के अध्यक्ष डॉ. देवकुमार सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक शुरुआत है। उनका सपना है कि सारण के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित करें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के सचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया अस्मिता योजना का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल खेल वातावरण तैयार करना समय की आवश्यकता है, ताकि वह बिना किसी बाधा के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। संस्था के संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी अजीत कुमार सिंह ने इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में भेल्दी थाने के थानाध्यक्ष श्रवण कुमार पाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि सब- इंस्पेक्टर सोनी कुमारी ने प्रतिभागी बच्चियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में सेंट जोसेफ अकादमी के निदेशक राम कुमार सिंह ने भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन का आश्वासन दिया और सभी अतिथियों, खिलाड़ियों तथा आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी कुमार मृणाभ ने किया। इस अवसर पर साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के कोच आशीष कुमार, उपाध्यक्ष संजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार, संयुक्त सचिव रौशनी राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#KheloIndia #WomenCycling #CyclingLeague #Chapra #SaranNews #BiharSports #WomenEmpowerment #CyclingAssociation #SportsNews #KheloIndiaAsmita #BiharNews #RoadCycling #WomenAthletes

