पानी निकासी अवरुद्ध करने वालों पर प्रशासन करे कार्रवाई : माले
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को भाकपा माले द्वारा पानी निकासी की समस्या एवं अन्य जन मुद्दों को लेकर विरोध मार्च निकाला गया। जिलेबिया गली से अंचल कार्यालय तक निकाले गए मार्च में कार्यकर्ताओं ने “कबाड़ी दुकानदार को गिरफ्तार करो”, “कबाड़ी दुकान हटाना होगा” जैसे नारे लगाए। मार्च में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य जयशंकर पंडित ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और डीजल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच चुकी है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में होने वाली परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और युवाओं को स्थायी रोजगार के बजाय ठेका आधारित नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से संघर्ष के लिए आगे आने का आह्वान किया।
भाकपा माले जिला कमेटी नेता रामायण यादव ने कहा कि मिल्की, हड़सर, पूर्वी हड़सर एवं पश्चिमी हड़सर गांवों के पानी निकासी का एकमात्र साधन एनएच-531 पर बना पुल है, जिसे कबाड़ी और एल्यूमीनियम दुकानदारों द्वारा कथित रूप से अवरुद्ध कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते पानी निकासी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो बारिश शुरू होने पर किसानों की गेहूं और धान की फसल बर्बाद हो जाएगी तथा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने झोर एवं चिंतामणपुर के बीच बन रहे पुल निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पुल निर्माण में एक वर्ष बीत जाने के बावजूद कार्य पूरा नहीं हो सका है। साथ ही अस्थायी सड़क पर पानी निकासी के लिए पाइप लगाने और झोर की सफाई कराने की मांग भी की गई।
सभा को अरविंद प्रसाद, विनोद शर्मा, रमेश शर्मा, मदन राम, छोटू यादव, इजरायल हक, हामिद अंसारी, फेंकू मियां, दिनेश राम, रीता देवी, ऊषा देवी, किस्मती देवी तथा सोहिल देवी सहित कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Daraunda #CPIML #WaterDrainage #BiharNews #FarmersIssue #SaranNews #ProtestMarch #Mahangai #FloodIssue #LocalNews

