पैक्स अध्यक्ष ने कर दिया ₹1.26 करोड़ का गबन, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कटिहार (बिहार): कटिहार जिले के डंडखोरा प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पैक्स में धान अधिप्राप्ति से जुड़े करोड़ों रुपये के गबन मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। संयुक्त जांच में पाया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के दौरान खरीदे गए धान में भारी अनियमितता हुई है। मामले में कार्रवाई करते हुए डंडखोरा पुलिस ने महेशपुर पैक्स अध्यक्ष कुन्दन प्रसाद साह को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच के दौरान पैक्स गोदाम में धान का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें अभिलेखों के अनुसार मौजूद रहने वाला धान गोदाम में नहीं मिला। जांच में सामने आया कि कुल 995.900 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। इसमें से 383.832 एमटी धान मिलर को आपूर्ति किया गया, जबकि शेष 612.068 एमटी धान का कोई हिसाब नहीं मिला। जांच टीम ने इसे पैक्स अध्यक्ष एवं प्रबंधक द्वारा गबन किया जाना पाया। गबन की अनुमानित राशि 1 करोड़ 26 लाख 39 हजार 204 रुपये 20 पैसे बताई गई है।
जिला पदाधिकारी कटिहार के निर्देश एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर डंडखोरा थाना कांड संख्या-105/23 के तहत पैक्स अध्यक्ष कुन्दन प्रसाद साह और प्रबंधक आनन्दी साह के विरुद्ध सरकारी राशि के गबन का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया।
पुलिस ने मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टिकैली निवासी 50 वर्षीय कुन्दन प्रसाद साह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच एवं अन्य आरोपितों की संलिप्तता की पड़ताल कर रही है।

