महंगाई, बेरोजगारी और अपराध के खिलाफ राजद का धरना, सरकार पर साधा निशाना
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: इसुआपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते अपराध के विरोध में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना के दौरान नेताओं ने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला।
धरना को संबोधित करते हुए राजद के वरिष्ठ नेता एवं मुखिया अजय रॉय ने कहा कि एनडीए सरकार में आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। घरेलू गैस, पेट्रोल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि एनकाउंटर के नाम पर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, जो चिंता का विषय है। वहीं हरे रंग के गमछे को लेकर दिए जा रहे बयानों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि हरा रंग देश की विविधता, भाईचारे और सम्मान का प्रतीक है।
धरना को संबोधित करते हुए बीडीसी प्रतिनिधियों ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर पूरे प्रदेश के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और विभिन्न मुद्दों पर उसकी विफलताओं को जनता के बीच उजागर करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
धरना-प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष छठी लाल गुप्ता, नागेंद्र यादव, मुखिया नूर नवाब अंसारी, गजाधर यादव, युवा राजद अध्यक्ष नकुल यादव, शंभू राम, राजू यादव, नूर मास्टर सुमित जी, प्रेम प्रकाश समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#RJD #Isuapur #TejashwiYadav #LaluPrasadYadav #Inflation #Unemployment #BiharPolitics #SaranNews #PoliticalProtest #CrimeInBihar

