डोरीगंज पुलिस ने बड़ी वारदात की साजिश नाकाम की, तीन देशी कट्टा और 17 जिंदा कारतूस बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन देशी कट्टा एवं 17 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जून 2026 की रात करीब 11 बजे डोरीगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के खवासपुर कला गांव स्थित एक प्लानी (खेतनुमा परिसर) में चार व्यक्ति हथियार और गोली के साथ एकत्र होकर किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही डोरीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद चारों संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने प्लानी के अंदर विधिवत तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन देशी कट्टा एवं 17 जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद हथियारों और कारतूसों को जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में डोरीगंज थाना कांड संख्या-252/26 दिनांक 20 जून 2026 को दर्ज किया गया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल फरार अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी अभियान में डोरीगंज थाना के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
Doriganj Police, Saran Police News, Country Made Pistol Seized, Arms Act Case Saran, Khawaspur Kala Crime News, Doriganj Thana, Saran Crime News, Illegal Weapons Recovery, Bihar Police Action, SSP Saran Press Release, Live Cartridges Seized, Chhapra Crime News

