दरौंदा में नशा मुक्ति अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: प्रखंड स्थित आईटी भवन कार्यालय परिसर में बुधवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सिंपी कुमारी ने की। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मियों तथा आम लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ सिंपी कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी तेजी से मादक पदार्थों की चपेट में आ रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है।
अंचलाधिकारी (सीओ) वेदप्रकाश नारायण ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण होती हैं। इसलिए मादक पदार्थों का बहिष्कार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ग्राम संगठन के माध्यम से महिला दीदियां गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी और नशा मुक्ति का संदेश फैलाएंगी। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों की उपस्थिति रही।

