खेत बचाओ अभियान के तहत खरीफ चौपाल आयोजित, किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी
दरौंदा में खेत बचाओ अभियान सह खरीफ चौपाल का आयोजन
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव:कृषि विज्ञान केंद्र, सिवान एवं आत्मा, सिवान के संयुक्त तत्वावधान में दरौंदा प्रखंड के कोडारी कला पंचायत अंतर्गत डुमरी गांव में 'खेत बचाओ अभियान' सह खरीफ चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और खरीफ फसलों की उन्नत खेती तथा मौसम आधारित कृषि प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि समन्वयक रामप्रीत गुप्ता ने किसानों को खरीफ मौसम में फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण एवं संतुलित पोषण प्रबंधन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों में किसानों को वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती करनी चाहिए, जिससे उत्पादन लागत कम होगी और लाभ में वृद्धि होगी।
उन्होंने कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही धान की उन्नत किस्मों की जानकारी देते हुए बताया कि ये किस्में 115 से 120 दिनों में तैयार हो जाती हैं तथा उच्च उपज देने के साथ-साथ सूखा, रोग एवं कीट सहनशील भी हैं। संभावित कमजोर मानसून की स्थिति को देखते हुए उन्होंने धान की सीधी बुवाई, कम अवधि वाली उन्नत किस्मों के उपयोग और खेत में नमी संरक्षण के उपायों पर विशेष जोर दिया।
कृषि समन्वयक ने किसानों को ढैंचा एवं मूंग जैसी दलहनी फसलों को हरित खाद के रूप में अपनाने, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के वैज्ञानिक उपयोग की सलाह दी। साथ ही खरपतवार प्रबंधन और जल संरक्षण के उपायों पर भी चर्चा की गई।
आत्मा की बीटीएम कविता कुमारी ने किसानों को कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, बीज उपलब्धता, फसल सुरक्षा तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किसानों से खरीफ मौसम में समय पर कृषि कार्य करने और कृषि वैज्ञानिकों से नियमित संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया।
चौपाल के दौरान किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा खरीफ फसलों की बेहतर उत्पादन तकनीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर अरविंद कुमार राम, गोरख राम, प्रभुनाथ राम, जीतन राम, सुरेश राम, वीरेंद्र राम, प्रीतम राम, दीपक कुमार, कालू कुमार, लंबू कुमार, प्रकाश कुमार, अरुण कुमार, पवन कुमार, मनु कुमार, नीतीश कुमार, आकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

