मांझी के रामघाट पर नहाने के दौरान आठ वर्षीय बालक डूबा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध रामघाट पर गुरुवार की सुबह नहाने के दौरान एक आठ वर्षीय बालक के डूब जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गौरी मठिया गांव निवासी सुशील गिरी का आठ वर्षीय पुत्र शेरू गिरी अपने परिजनों के साथ रामघाट आया था। बताया जाता है कि 25 जून को नए घर में होने वाले पूजा-पाठ के लिए जल लेने आई महिलाओं के साथ लगभग आधा दर्जन बच्चे भी घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सभी बच्चे स्नान कर रहे थे, तभी शेरू गिरी गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद साथ में आए बच्चों एवं परिजनों के रुदन-क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग रामघाट पर जुट गए। पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों द्वारा बालक की तलाश जारी है।
समाचार लिखे जाने तक बालक का पता नहीं चल सका था। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।

