सिवान के लाल ने बढ़ाया जिले का मान, सेना में लेफ्टिनेंट बनकर किया सपना साकार
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौली प्रखंड के गौरी गांव के होनहार युवा सुशांत कुमार सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गौरी गांव निवासी एवं सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर नरेंद्र सिंह के पुत्र सुशांत कुमार सिंह ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पहले राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), पुणे में तीन वर्षों का प्रशिक्षण प्राप्त किया और इसके बाद भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। हाल ही में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त हुआ।
अपनी सफलता का श्रेय सुशांत ने अपने माता-पिता, मित्रों और रिश्तेदारों को दिया है, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सुशांत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गौरी गांव सहित पूरे सिवान जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर खुशी व्यक्त करने वालों में डॉ. मनोज कुमार सिंह, चुन्नी कुमार सिंह, रमेश सिंह, जीसु सिंह, इंदल यादव, बिट्टू सिंह, राकेश बैठा सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

