19 जून को शुरू होगी छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारणवासियों के लिए बड़ी रेल सौगात के रूप में आगामी 19 जून 2026 को नई छपरा-दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इस संबंध में सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता द्वारा दिल्ली के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब केंद्र सरकार ने पूरा किया है।
सांसद रूडी ने बताया कि नई रेल सेवा का उद्घाटन केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर छपरा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन के परिचालन से सारण सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधा और बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पटना आगमन के बाद सोनपुर होते हुए छपरा पहुंचेंगे और नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में बिहार सरकार के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। सांसद रूडी ने कहा कि सारण में रेल सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर रेल मंत्रालय लगातार सकारात्मक पहल कर रहा है।
सांसद ने यह भी बताया कि उन्होंने रेल मंत्री को छपरा एवं सारण क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं तथा लंबित मांगों से अवगत कराया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में क्षेत्र को रेल विकास की कई और महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी।
Chapra Delhi Express, Anand Vihar Express, Rajiv Pratap Rudy, Ashwini Vaishnaw, Bihar Rail News, Chapra Railway News, Saran News, New Train Launch

