मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, संचार व्यवस्था बाधित करने के प्रयास में मामला दर्ज, पुलिस ने युवती को सुरक्षित उतारा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़कर संचार व्यवस्था बाधित करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिठ्ठी निवासी विनोद सिंह की निजी भूमि पर स्थापित मोबाइल संचार टावर पर एक युवती प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई थी। इससे मोबाइल टावर की सुरक्षा के साथ-साथ संचार व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती किसी के बहकावे में आकर टावर पर चढ़ गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की घटनाओं से मोबाइल टावर की संरचना को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे संचार सेवाएं बाधित होने के साथ संबंधित कंपनी को आर्थिक क्षति और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही ऐसे कृत्य से संबंधित व्यक्ति के जीवन पर भी गंभीर खतरा बना रहता है।
इस मामले में बनियापुर थाना कांड संख्या 488/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में मोबाइल टावर, विद्युत प्रतिष्ठान, रेलवे संपत्ति, सरकारी भवन अथवा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संरचनाओं पर न चढ़ें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और इससे जान-माल का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से यह भी आग्रह किया है कि किसी के बहकावे, अफवाह या उकसावे में आकर कानून हाथ में लेने के बजाय अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक एवं शांतिपूर्ण मार्ग अपनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर देने की अपील की गई है।
#SaranPolice #Baniyapur #MobileTower #PoliceAction #SaranNews #BiharNews #PublicSafety #CommunicationService #CrimeNews #BiharPolice

