खीरे के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने पकड़ी 1330 लीटर देसी शराब
सारण (बिहार): तरैया थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए खीरा लदे एक पिकअप वैन से 1330 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस को चकमा देकर शराब कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे। बरामद शराब 38 गैलन में छिपाकर रखी गई थी, जिसे खीरे की खेप के नीचे ढंक दिया गया था।
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि तरैया-पोखरेड़ा रोड के रास्ते शराब की बड़ी खेप पहुंचाई जाने वाली है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ पोखरेड़ा बगही स्कूल के समीप मुख्य सड़क पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान तरैया बाजार की ओर से आ रही एक पिकअप वैन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। तब तक वाहन पर सवार दो व्यक्ति कूदकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर पिकअप में लदे लगभग 10 क्विंटल खीरे के नीचे छिपाकर रखे गए 38 गैलन बरामद किए गए, जिनमें प्रत्येक गैलन में 35 लीटर देसी शराब भरी थी। कुल मिलाकर 1330 लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में मसरख थाना क्षेत्र के मोगलिया निवासी पवन कुमार तथा तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर निवासी रावण मांझी को नामजद करते हुए पिकअप मालिक एवं चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

