दियारा में लेवी वसूली की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ दो कुख्यात गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिघवारा थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा में संयुक्त छापेमारी कर अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिघवारा थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई (DIU) एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लोडेड देशी राइफल, पिस्टल, कट्टा, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विशेष कार्य बल, बिहार पटना से सूचना मिली थी कि डोरीगंज थाना के विभिन्न कांडों में वांछित अभियुक्त राजू राय उर्फ लगड़ा अपने सहयोगियों के साथ दियारा क्षेत्र में अवैध हथियार के बल पर लेवी वसूली और आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने शंकरपुर दियारा में छापेमारी की, जहां पुलिस को देखकर दो व्यक्ति मक्का के खेत से भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के चकिया निवासी राजू कुमार राय तथा बलवंत टोला निवासी धर्मेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान राजू कुमार राय के पास से एक लोडेड देशी राइफल, 25 जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्टल और मोबाइल बरामद किया गया। वहीं धर्मेन्द्र कुमार के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा गोली, एक खोखा और मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दियारा इलाके में रहकर लेवी वसूलते थे तथा लोगों में दहशत फैलाने के लिए हथियार रखते थे। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर पैसे लेकर हत्या जैसी वारदातों को भी अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजू कुमार राय पर डोरीगंज थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों के कई कांड पहले से दर्ज हैं।
इस मामले में दिघवारा थाना कांड संख्या 210/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

