स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ी पहल, एसएसपी ने सोनपुर थाना को लिया गोद
सारण (बिहार): सारण में स्मार्ट पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में वरीय पुलिस अधीक्षक ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोनपुर थाना को गोद लिया है। इस पहल का उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जनोन्मुखी और जवाबदेह बनाना है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सोनपुर थाना का गहन निरीक्षण किया गया तथा थाना की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों, लंबित कांडों, मालखाना प्रबंधन, डिजिटल कार्य प्रणाली एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों का सूक्ष्म आकलन किया गया। समीक्षा के बाद संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सोनपुर थाना परिसर में जनता मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला उत्पीड़न सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन पुलिस अधिकारियों को सौंपे। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। थाना स्तर पर नियमित रूप से जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्राप्त शिकायतों की सतत समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए। एसएसपी ने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि सारण पुलिस उनकी सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

