भीषण सड़क हादसा: पिकअप-बोलेरो की टक्कर में आधा दर्जन घायल, बिजली आपूर्ति ठप
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के भागर गांव के समीप बुधवार को पिकअप और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और पास में स्थित 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल भी टूट गया, जिससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अरविंद चौरसिया, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, मुरारपट्टी निवासी शत्रुघ्न कुमार एवं श्रेयांश कुमार, दरौंदा थाना क्षेत्र के बावनागंज जलालपुर निवासी रीता देवी और वीरेंद्र प्रसाद शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सिसवन थाना पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिसवन में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार प्रवीण कुमार और रीता देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरेंद्र प्रसाद अपने ससुराल रघुनाथपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बोलेरो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भागर गांव के समीप सिसवन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक समेत दो लोग तथा बोलेरो सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि टक्कर की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल सवार भी जख्मी हो गया।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और क्षतिग्रस्त बिजली पोल को दुरुस्त करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
Siwan Road Accident, Siswan News, Pickup Bolero Collision, Bihar Accident News, Electricity Disruption

