सिसवन में मारपीट और सड़क हादसे में कई लोग घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के बघौना गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में स्थानीय निवासी बृज बिहारी मांझी का पुत्र राजेश कुमार मांझी, खेदन मांझी का पुत्र कमलनाथ मांझी, कमलनाथ मांझी का पुत्र पवन कुमार, शिवकुमार मांझी की पत्नी सविता देवी तथा राजन मांझी की पत्नी रेणु देवी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना में थाना क्षेत्र के चकरी चांदपुर नहर मार्ग पर बाइक सहित नहर में गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सरौत गांव निवासी रामनाथ भगत के पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह चैनपुर से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी अनियंत्रित होकर बाइक समेत नहर में जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिवान रेफर कर दिया गया।
इधर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में हुई मारपीट की घटनाओं में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों में भागर गांव निवासी लाल बिहारी राम का पुत्र नन्हे कुमार राम तथा सरौत गांव निवासी गति लाल राम का पुत्र राजेंद्र राम शामिल हैं। दोनों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।

