देर रात नवाजी चौक पहुंचे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था और वाहन जांच का लिया जायजा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार देर रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नवाजी चौक का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, रात्रिकालीन गश्ती और वाहन जांच अभियान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन आकलन किया गया तथा पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसएसपी ने नवाजी चौक पर चल रहे वाहन जांच अभियान की समीक्षा करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कराई। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विशेष निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि रात्रिकालीन गश्ती को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, आम नागरिकों में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने और हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया। देर रात तक चले निरीक्षण अभियान से पुलिस महकमे में भी सक्रियता देखी गई।
सारण पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में लगातार विशेष जांच और गश्ती अभियान जारी रहेगा।

