15 साल से फरार डकैती और हत्या का आरोपी गिरफ्तार, सारण पुलिस को बड़ी सफलता
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अपराधी की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता मिली है। अवतारनगर थाना क्षेत्र में डकैती और हत्या के मामले में पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी उमेश कानू को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सारण जिले में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अवतारनगर थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवतारनगर थाना कांड संख्या-59/11, दिनांक 20 जून 2011 में नामजद अप्राथमिक अभियुक्त उमेश कानू को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत तोरन विगहा गांव निवासी उमेश कानू, पिता स्वर्गीय सुपारी कानू के रूप में हुई है। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 394, 396 और 412 के तहत डकैती एवं हत्या जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं।
सारण पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में अवतारनगर थाना अध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

