सारण में मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 नाबालिग लड़कियां मुक्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर एएचटीयू, महिला थाना और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने बुधवार की सुबह यह विशेष अभियान चलाया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश के आलोक में गठित विशेष टीम ने तरैया, कोपा और इसुआपुर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की। अभियान के दौरान जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवायी जा रही कुल 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। इनमें पश्चिम बंगाल की 8 तथा उत्तर प्रदेश की 1 लड़की शामिल है।
इस कार्रवाई में एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह तथा रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के जांच पदाधिकारी अक्षय पांडेय समेत कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।
मामले में कोपा थाना कांड संख्या-156/26 एवं तरैया थाना कांड संख्या-196/26 दर्ज कर बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तरैया थाना क्षेत्र के महाबपुर निवासी कलीम साई तथा पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के मंगल परवानिक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने बताया कि मई 2023 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 375 लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इस दौरान 51 कांड दर्ज करते हुए 125 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने महिलाओं और लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे “आवाज दो” अभियान के तहत आम लोगों से सहयोग की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शोषण की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर देने की अपील की गई है।

