अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत गरखा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई को वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 मई 2026 को गरखा थाना पुलिस को सूचना मिली कि कमालपुर जाने वाली पक्की सड़क पर एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कमालपुर रोड पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर युवक के पास से एक देशी कट्टा तथा .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान गरखा थाना क्षेत्र के बभनैया गांव निवासी रविकिशन शर्मा, पिता उमेश शर्मा के रूप में हुई है। इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या-567/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

