वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश
सिसवन में वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित महाराणा प्रताप चौक पर शुक्रवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर महाराणा प्रताप एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति, स्वाभिमान और वीरता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह तथा जीरादेई के पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी जाति विशेष के नहीं, बल्कि पूरे देश के करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
वहीं दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप और भामाशाह के विचारों एवं आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी महाराणा प्रताप के शौर्य, संघर्ष और स्वाभिमान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन चंदन दुबे ने किया। आयोजन के दौरान महाराणा संघ की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
मौके पर कार्यक्रम संयोजक संतोष सिंह, प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह, आनंद सिंह, मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, अजीत सिंह, सतेंद्र भारती सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण ने लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया।

