पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हादसे में सिसवन के एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत, गांव में पसरा मातम
सिवान (बिहार): उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने ग्यासपुर गांव को गमगीन कर दिया। कंद्रापुर थाना क्षेत्र में 238 किलोमीटर पिलर के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े कंटेनर से जा टकराई, जिसमें कार सवार पांचों लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर निवासी प्रेम लाल श्रीवास्तव के सबसे छोटे पुत्र मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन देवी तथा दो मासूम बेटियां आस्था कुमारी और अदिति शामिल हैं। वहीं पांचवें मृतक की पहचान संठी निवासी करण कुमार सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दुर्घटना के समय कार मनीष स्वयं चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज गति के कारण कार एक्सप्रेस-वे पर खड़े कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही सभी ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मनीष दो दिन पूर्व ही सारण जिले के मसरख थाना क्षेत्र स्थित हंसा पीठ गांव में अपने नाना के श्राद्ध कर्म में शामिल होने आए थे। शनिवार को पूरा परिवार ग्यासपुर से हरियाणा के फरीदाबाद स्थित विजय नगर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
आजमगढ़ पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पांचों शव परिजनों को सौंप दिए। देर शाम सभी शव ग्यासपुर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। एक साथ पांच अर्थियां उठने से गांव का माहौल बेहद गमगीन हो गया। घर-घर चूल्हे नहीं जले और गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। हर आंख नम दिखी।
ग्रामीणों ने बताया कि मनीष कुमार श्रीवास्तव बेहद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। लोग यह कहते नहीं थक रहे कि वे अपने नाना को अंतिम विदाई देने आए थे, लेकिन किसे पता था कि वे स्वयं भी कभी लौटकर नहीं आएंगे। घटना के बाद सिसवन थाना पुलिस भी गांव पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मनीष के बड़े भाई जीवन श्रीवास्तव आजमगढ़ से शव लेकर गांव पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

