लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर आज निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बनियापुर प्रखंड क्षेत्र के बेरूई स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यज्ञ समिति एवं यज्ञाधीश की ओर से क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की गई है।
आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाला आयोजन है। उन्होंने लोगों से आपसी राग-द्वेष भुलाकर एकजुट होने तथा भक्तिमय वातावरण में कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने का आह्वान किया।
यज्ञाधीश देवनारायनाचार्य महाराज ने कहा कि “हर जीव में शिव और जन-जन में नारायण का वास है। एकता में ही बल है।” उन्होंने श्रद्धालुओं से बाबा गौरीशंकर महादेव की शरण में पहुंचकर राम नाम के जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ के दौरान पूरा गांव तीर्थ क्षेत्र जैसा आध्यात्मिक स्वरूप धारण करेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

