भागर दियरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 लीटर देसी शराब व बाइक बरामद
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के भागर दियरा इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 लीटर देसी चुलाई शराब एवं एक बाइक बरामद की है। शनिवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर सिसवन थाना पुलिस ने दियरा क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि भागर दियरा इलाके में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में देसी शराब लाई गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़ा एक व्यक्ति नदी में छलांग लगाकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके से करीब 200 लीटर देसी चुलाई शराब तथा एक बाइक बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि पड़ोसी राज्य से नाव के जरिए शराब लाकर जैसे ही उतारी गई, उसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर दी।
छापेमारी के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में काफी देर तक तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। सिसवन थाना पुलिस ने बताया कि फरार धंधेबाजों की पहचान कर ली गई है तथा उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि इलाके में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

