नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव की तैयारी तेज, डीएम वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सारण (बिहार): सारण जिले के नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में निर्वाचन के प्रत्येक चरण की तैयारी की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सारण जिले के कुल नौ नगर निकायों में, नगर परिषद सोनपुर को छोड़कर, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। छपरा नगर निगम में समिति के सात पदों के लिए मतदान होगा, जबकि अन्य नगर पंचायतों में तीन-तीन पदों पर चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने सभी नामित निर्वाची पदाधिकारियों को नामांकन, स्क्रूटिनी, बैलेट पेपर की तैयारी, मतदान, मतगणना और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया को विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्वाचन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। साथ ही मतदान स्थलों पर विधि-व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों की सक्रियता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि-व्यवस्था, नगर आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 30 मई 2026 को नगर पंचायत रिविलगंज, माँझी, एकमा बाजार, कोपा और मढ़ौरा में मतदान होगा। वहीं 31 मई 2026 को नगर पंचायत परसा बाजार, दिघवारा, मशरक तथा छपरा नगर निगम में निर्वाचन कराया जाएगा। सभी निर्वाचन स्थलों पर नामांकन सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जबकि मतदान दोपहर 12 बजे से दो बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

