बिहार सरकार की ‘सहयोग शिविर’ पहल शुरू, 19 मई से सारण जिले के सभी प्रखंडों में लगेगा कैंप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘सहयोग शिविर’ नामक नई पहल की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत 19 मई 2026 (मंगलवार) से सारण जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और आवेदनों का एक ही स्थान पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन सारण द्वारा जारी निर्देश के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें उसका लाभ सुलभ कराना भी है।
इस शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और जलापूर्ति जैसे विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर का आयोजन पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 19 मई से होगी। इसके साथ ही शिविर से 30 दिन पूर्व आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था भी प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित कराई जाएगी।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाएगा और संबंधित विभागीय पदाधिकारी शिविर में उपस्थित रहकर आवेदनों पर कार्रवाई करेंगे। शिविर स्थल पर नागरिकों के बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रखंडवार कार्यक्रम के तहत मशरक, पानापुर, तरैया, इसुआपुर, बनियापुर, लहलादपुर, एकमा, माँझी, जलालपुर, रिविलगंज, छपरा सदर, नगरा, मढ़ौरा, अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर, गरखा, दिघवारा और सोनपुर प्रखंडों में चयनित पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्थल पर जिला स्तरीय अथवा वरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनके नेतृत्व में शिविर का संचालन होगा।
इसके अलावा शिविरों की निगरानी और मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तर से लेकर जिले तक तीन स्तरीय पदाधिकारियों की व्यवस्था की गई है, ताकि आयोजन प्रभावी और सफल हो सके। जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Saran News, Bihar Government Scheme, Sahayog Shivir, Public Grievance Camp, Bihar News, Government Services Camp

