बारात में चाकूबाजी, दो युवक गंभीर रूप से घायल, एक पटना रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाठ गांव में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी, जब बारात के बीच चाकूबाजी की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि किताबू मियाँ के घर आई बारात के दौरान स्कूल के पीछे किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना में घायल ऋतिक कुमार प्रसाद (22 वर्ष) और अफजल अली को तुरंत मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार ऋतिक कुमार प्रसाद की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें छपरा से पटना रेफर कर दिया गया, जबकि अफजल अली का इलाज फिलहाल छपरा में चल रहा है।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर प्रेम प्रसंग की चर्चा जोरों पर है, हालांकि पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है। घटना की जानकारी देते हुए बीडीसी रंजीत कुमार उर्फ हिरण कुमार ने बताया कि विवाद अचानक हुआ और देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं शादी समारोह का माहौल भी मातम में बदल गया।
Saran News, Daudpur Stabbing, Madansath Village, Crime News Bihar, Chapra News, Police Investigation

