चेन्नई से लौट रहे मांझी के युवक की उड़ीसा में हत्या, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के घोरहाट पंचायत स्थित डयूमाईगढ़ गांव के एक युवक की उड़ीसा में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक मो. मुस्तफा रोजी-रोटी के लिए चेन्नई मजदूरी करने गया हुआ था और कुछ दिनों बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उड़ीसा के एक छोटे स्टेशन पर चार अज्ञात लोगों ने उसे ट्रेन से उतारकर लोहे के रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि घटना से पहले एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें मृतक अपने भाई मुस्ताक से बार-बार बातचीत कर रहा था और अनहोनी की आशंका जता रहा था। वहीं उसका भाई उसे लगातार ढांढस बंधाता रहा कि सब ठीक होगा, लेकिन कुछ ही देर बाद यह भयावह घटना घटित हो गई। घटना के करीब दो दिन बाद जीआरपीएफ द्वारा परिजनों को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लेकर आए।
शव के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृतक की शादी महज तीन वर्ष पूर्व हुई थी और वह दो छोटे बच्चों का पिता था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर आक्रोशित भी हैं।
इधर, पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए जदयू नेता नीरंजन सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, पैक्स अध्यक्ष गुड्डू सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
Saran News, Manjhi News, Murder Case Bihar, Migrant Worker Crime, Odisha Crime, Chapra News

