वैश्विक मंच पर हिंदी को नई गति: पूजा भारद्वाज बनीं विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया शाखा की महामंत्री
नई दिल्ली/लखनऊ, 27 अप्रैल 2026
विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने श्रीमती पूजा भारद्वाज को परिषद की ऑस्ट्रेलिया शाखा का महामंत्री मनोनीत किया है। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीमती भारद्वाज हिंदी को विश्व भाषा के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएंगी। परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. डीपी मिश्र ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल को सफल बताया।
विश्व हिंदी परिषद ऑस्ट्रेलिया शाखा की अध्यक्ष मधु खन्ना ने जानकारी दी कि पूजा भारद्वाज वर्तमान में South Asian Herald की ऑस्ट्रेलिया संवाददाता एवं ऑस्ट्रेलिया डेस्क प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे हिंदी समाज पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की उपाध्यक्ष के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। यह उल्लेखनीय है कि साउथ एशियन हेराल्ड को व्हाइट हाउस, संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक और अमेरिकी कांग्रेस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से मान्यता प्राप्त है, जिससे उनकी पेशेवर विश्वसनीयता और अधिक सुदृढ़ होती है।
कूटनीति, नीति-निर्माण और प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़े विषयों पर अपनी सशक्त लेखनी के लिए पहचान रखने वाली पूजा भारद्वाज ने वैश्विक स्तर पर संवाद की नई धारा स्थापित की है। वे वरिष्ठ राजनयिकों, नीति निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय नेताओं के विचारों को मंच प्रदान करती रही हैं, जिससे हिंदी की पहुंच सीमाओं से परे विस्तारित हुई है।
भारतीय दूतावासों के परिवेश में बीता उनका बचपन उन्हें विविध संस्कृतियों और भाषाओं से जोड़ता रहा। पारिवारिक और सामाजिक सहयोग से हिंदी सीखने के बाद उन्होंने पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में पिछले एक दशक से हिंदी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान दिया है। उन्होंने हिंदी में आयोजित चर्चाओं और कार्यक्रमों का अंग्रेजी में भावानुवाद कर उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है।
पेशेवर जीवन में भी पूजा भारद्वाज उल्लेखनीय उपलब्धियां रखती हैं। वे पर्थ स्थित एक वेंचर पार्टनर टेक्नोलॉजी कंपनी में निदेशक पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने University of Toronto से इंजीनियरिंग तथा University of Western Australia से एमबीए की उपाधि प्राप्त की है। साथ ही वे Australian Institute of Company Directors की सदस्य भी हैं।
विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय संपर्क समन्वयक डॉ. नन्दकिशोर साह ने बताया कि परिषद की ऑस्ट्रेलिया इकाई आगामी वर्ष में कई शैक्षिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिससे हिंदी की वैश्विक पहुंच को नया आयाम मिलेगा। श्रीमती भारद्वाज के मनोनयन पर साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है और हिंदी प्रेमियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, लेखकों एवं कवियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Pooja Bhardwaj, Vishwa Hindi Parishad, Australia Hindi News, Hindi Promotion Global

