नम आंखों से दी गई स्व. लालबाबू सिंह को श्रद्धांजलि, याद किए गए उनके आदर्श और संस्कार
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के सलेमपुर गांव में शनिवार को श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं से ओतप्रोत माहौल में शिक्षक स्वर्गीय लालबाबू सिंह की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नम आंखों से उन्हें याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. लालबाबू सिंह केवल एक शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने जीवनभर शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
श्रद्धांजलि सभा में छपरा के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन अपने पिता को याद करते हुए भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सादगी, ईमानदारी और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। सभा में उपस्थित लोगों ने भी उनके सरल स्वभाव, शिक्षण के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को याद किया।
कार्यक्रम में डॉ. हरेंद्र सिंह, प्रो. जनार्दन सिंह, शिक्षक उमेश सिंह, बीके भारतीय, पंडित धनंजय दुबे, सूर्य प्रसाद सिंह तथा भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह, जदयू नेता सुनील सिंह, रविन्द्र सिंह, लोजपा नेता अरुण सिंह, शिव शक्ति धाम के सचिव अरुण सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि स्व. लालबाबू सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान गायक राजेंद्र विराग, राम बहादुर सिंह उर्फ हलचल व्यास एवं राम नारायण सिंह ने भक्ति एवं भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। श्रद्धा गीतों के बीच कई लोग अपने आंसू नहीं रोक सके। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं कवि बिजेंद्र तिवारी ने किया।
सभा के अंत में आगत अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, संवेदना और आत्मीयता का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्व. लालबाबू सिंह के व्यक्तित्व और उनके द्वारा दिए गए संस्कारों को लोगों ने हमेशा जीवित रखने का संकल्प लिया।

