सिसवन अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, दो मामलों का हुआ निष्पादन
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के अंचल कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन कर जमीन संबंधी विवादों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े कुल पांच मामलों की सुनवाई हुई।
अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। दोनों पक्षों की दलीलों एवं उपलब्ध कागजातों की जांच-पड़ताल के बाद मौके पर ही दो मामलों का निष्पादन कर दिया गया। वहीं शेष तीन मामलों में आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए जाने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जमीन विवादों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही करना है, ताकि लोगों को कोर्ट-कचहरी का चक्कर न लगाना पड़े और विवादों का त्वरित निष्पादन हो सके।

