जोगबनी सीमा पर चीनी नागरिक गिरफ्तार, बिना भारतीय वीजा के कर रहा था प्रवेश
अररिया (बिहार) 05 मई 2026
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी आईसीपी परिसर में अररिया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से सीमा सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 मई 2026 को दोपहर लगभग 1:10 बजे नेपाल की ओर से संदिग्ध स्थिति में आ रहे एक व्यक्ति को सुरक्षा बलों ने रोका। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान चीन के हुनान प्रांत निवासी ZHOU HUAN (पिता—ZHOU ZE YU) के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि उसके पास चीन का पासपोर्ट और नेपाल का वैध वीजा था, लेकिन भारत में प्रवेश के लिए आवश्यक वीजा नहीं था।
तलाशी के दौरान उसके पास से नेपाली नंबर की स्कूटी, हेलमेट, दो अत्याधुनिक मोबाइल फोन—iPhone 14 Pro Max एवं Huawei Enjoy 60 Pro—के साथ तीन चीनी 5G सिम कार्ड, एक अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, भारतीय और नेपाली मुद्रा तथा विभिन्न पहचान पत्र और बैंक कार्ड बरामद किए गए।
इस संबंध में जोगबनी थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 04.05.2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ Immigration and Foreigners Act, 2025 की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी गई है, ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके।
Araria News, Jogbani Border, Chinese National Arrested, Bihar Police

