विभिन्न मांगों को लेकर विश्वविद्यालय कर्मियों का जोरदार धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के कर्मचारियों ने महासंघ के आह्वान पर राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत बुधवार को धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री मांगों और लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर एकजुटता के साथ आवाज बुलंद की। महाविद्यालयों में सामूहिक रूप से कलमबंद हड़ताल कर कर्मचारियों ने प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि महासंघ की कार्यकारिणी एवं वृहद परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में यह आंदोलन चलाया जा रहा है। प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने पूर्व में ही आंदोलन की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी थी, जबकि प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने सभी महाविद्यालयों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की थी, जिसका व्यापक असर देखने को मिला और सभी जगह कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण के तहत 7 मई को पुनः धरना दिया जाएगा, जबकि 20 मई को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर कुलपति के समक्ष व्यापक प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
#UniversityStrike #JPUniversity #EmployeeProtest #BiharNews #EducationNews

