कर्तव्य पथ पर शहीद: सड़क हादसे में घायल दरोगा ताज अहमद खां का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कर्तव्य के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पु०अ०नि० ताज अहमद खां का इलाज के दौरान मंगलवार को निधन हो गया। वे 12 मार्च 2026 से विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से एकमा थाना में पदस्थापित थे और उनकी प्रतिनियुक्ति यशोदा गैस एजेंसी, ग्राम गंजपर में की गई थी।
04 अप्रैल की सुबह लगभग 9 बजे ड्यूटी के दौरान गैस एजेंसी के समीप सड़क पर एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि ताज अहमद खां गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें एकमा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान 07 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया।
इस संबंध में एकमा थाना कांड संख्या-101/26 दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है।
मंगलवार को पुलिस केंद्र, सारण में दिवंगत दरोगा को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सलामी के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने ताज अहमद खां को कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।

