चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो अपराधी गिरफ्तार—कई कांडों का हुआ खुलासा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन व मंगलसूत्र छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 16 फरवरी 2026 को शेखपुरा गांव में बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से सोने का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया था। इसके बाद 10 मार्च 2026 को अमनौर बाजार के साथ-साथ तरैया, मशरख एवं दाउदपुर थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-01 के नेतृत्व में अमनौर, तरैया थाना तथा जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीष कुमार मिश्रा एवं मणिकांत कुमार के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के वखरा गांव के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें सिवान एवं सीतामढ़ी जिलों में चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने इनके पास से करीब 51.02 ग्राम सोने जैसा आभूषण तथा एक छोटा गैस सिलेंडर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में अंचल पुलिस निरीक्षक, मढ़ौरा, थानाध्यक्ष अमनौर एवं तरैया थाना के साथ-साथ जिला आसूचना इकाई, सारण की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सारण पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।
Saran police news, Amnaur chain snatching, Bihar crime news, gold snatching gang, SIT investigation Saran

