नामांकन अभियान को लेकर मांझी में जागरूकता रैली, घर-घर पहुंच रहे शिक्षक
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले में शिक्षा विभाग द्वारा 1 से 30 अप्रैल 2026 तक चलाए जा रहे विशेष नामांकन अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र में जागरूकता गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस अभियान का उद्देश्य छह वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी बच्चों का नजदीकी सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय महम्मदपुर के प्रधानाध्यापक वरुण कुमार प्रसाद के नेतृत्व में शिक्षकों, शिक्षिकाओं और स्कूली बच्चों ने ढोल-नगाड़ों और मंजीरों के साथ जागरूकता रैली निकाली।
रैली के दौरान टोली बनाकर गांव-गांव भ्रमण किया गया और अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाध्यापक वरुण कुमार प्रसाद ने बताया कि सरकार द्वारा बच्चों को निःशुल्क नामांकन के साथ पाठ्यपुस्तक, कॉपी, स्कूल बैग, छात्रवृत्ति, पोशाक, मध्याह्न भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही विद्यालयों में पीटीएम, सुरक्षित शनिवार, ईको क्लब और बाल संसद जैसी गतिविधियां भी आयोजित होती हैं, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना समाज और अभिभावकों की जिम्मेदारी है।
वहीं कन्या प्राथमिक विद्यालय गोबरही टोला में भी नामांकन अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। विद्यालय के प्रधान शिक्षक बी.के. भारतीय ने बताया कि नामांकन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रचार गीत तैयार कराया गया है, जिसके माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों को खेल-खेल में सीखने की गतिविधियां कराई जाती हैं, जिससे बच्चे उत्साह के साथ पढ़ाई करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय में खेल-कूद, गीत-संगीत और नाट्य कला पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस कोड में टाई, बेल्ट, जूते-मोजे और आई-कार्ड के साथ अनुशासन में विद्यालय आते हैं। साथ ही प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। महज दो दिनों में ही नौ नए नामांकन हो चुके हैं और अभियान लगातार जारी है।
School Enrollment Bihar, Manjhi Education Campaign, Government School Admission, Saran Education News, Student Enrollment Drive

