लेजुआर पंचायत में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 88 मरीजों की जांच कर बांटी गई दवाएं
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के लेजुआर पंचायत में गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में श्रीनिवास मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गड़खा के चिकित्सकों की टीम ने भाग लेते हुए मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।
इस दौरान डॉ. प्रिंस कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने आंख समेत विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की। मुखिया माधुरी देवी एवं उनके प्रतिनिधि ध्रुवदेव गुप्ता ने बताया कि पंचायत भवन लेजुआर, सोनिया गांव तथा मुखिया आवासीय परिसर में आयोजित शिविर के माध्यम से कुल 88 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें नि:शुल्क दवा भी उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना है, ताकि जरूरतमंद लोग समय पर इलाज प्राप्त कर सकें। साथ ही जानकारी दी गई कि शुक्रवार को सिसवा में भी इसी तरह का चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में प्रबंधक प्रशांत कुमार, विधान राय, रंजीत कुमार, अभिषेक कुमार, सुमन कुमारी सहित अन्य कर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
Free Medical Camp Manjhi, Saran Health Camp, Rural Healthcare Bihar, Daudpur News, Medical Camp Chapra

