डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य आयोजन, सामाजिक एकता का संदेश
नागपुर (महाराष्ट्र): भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आदित्य विहार, दत्त नगर, बेसा (नागपुर) में सामाजिक एकता बहुउद्देश्यीय संस्था द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरे पंडाल में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गौतम बुद्ध तथा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। संस्था की अध्यक्षा दीपाली गाना एवं सचिव सीमा मेंढे सहित कार्यकारिणी की महिलाओं ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कविता परिहार उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आदित्य दुरुगकर ने की।
इस अवसर पर बच्चों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला, वहीं बच्चियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। सीमा ताई मेंढे ने अपने गीत से सभी का मन मोह लिया। दीपाली गाना ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कविता परिहार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की। अध्यक्ष आदित्य दुरुगकर ने भी संस्था के कार्यों को सराहनीय बताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में इंदू ताई सेलोकर, राजकुमारी बन पूरे, भारती भोगे, वर्षा बरगट, अश्विनी नगराले, प्रीति ताकसांडे, माया माटे, मेघा कोरवते सहित अनेक महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे।
अंत में सुरुचिपूर्ण भोजन के पश्चात अश्विनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। यह आयोजन सामाजिक एकता और प्रेरणा का संदेश देने में सफल रहा।
Ambedkar Jayanti 2026, Nagpur Event, Social Unity Program, Dr BR Ambedkar Celebration, Cultural Program

