मोटरसाइकिल से धूल उड़ाने पर दो समुदायों में बवाल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 5 गिरफ्तार
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के भुआलपुर स्थित आजाद चौक के पास मोटरसाइकिल से धूल और धुआं उड़ाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना 5 मार्च की शाम करीब 6:50 बजे की बताई जा रही है। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में मढ़ौरा थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में फैल रहे तनाव को समय रहते काबू में कर लिया गया।
इस मामले में मढ़ौरा थाना में कांड संख्या 189/26 दिनांक 6 मार्च 2026 को दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में भुआलपुर निवासी नौशाद आलम (पिता मो. हाशिम), नेहमत राजा (पिता मेराज अहमद), कैशर राजा (पिता मो. हाशिम), रौशन कुमार (पिता सुरेश राय) तथा गुड्डू कुमार (पिता कृपाल सिंह) शामिल हैं।
सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

